Monday 22 June 2020

कुंडलिया क्रमांक -1-

-कुंडलियां --//

1         वादाजो तुमने किया , उसे न जाना  भूल
        चाहे जैसा हो समय, सहज या कि प्रतिकूल ।
      सहज या कि प्रतिकूल , हिम्मत  कभी ना खोना
          इतना रखना  ध्यान, निराश  नही तुम होना  ।
           सुन चन्द्रा की बात , फिक्र मत करना ज्यादा
              मर्यादा का प्रश्न। ,  निभाना अपना वादा ।

2       तिनका तिनका जोड़ कर,बांटे सबको प्यार
           मुँह में चुग्गा डाल कर ,पाले  वह परिवार ।
              पाले वह परिवार ,लगन से सेवा करती
          सुन्दर सा यह नीड़ ,   नीड़ में सपने  बुनती।
             नन्ही नन्ही जान,करे वह पोषण जिनका
         बड़ी करे सन्तान, जोड़कर तिनका तिनका ।

3     होता अपना  लक्ष्य यह,भारत पर अभिमान
         कुर्बानी पथ पर चलें,करें जान कुर्बान ।
         करें जान कुर्बान, मिले न जन्म दोबारा
           मां का हम पर कर्ज,यही है फर्ज हमारा ।
         हम भारत के लाल,एक ही मन का सपना
         बढ़े देश की शान,लक्ष्य यह होता अपना ।

4           सुन्दर नारी चाहते,जो गुण की हो खान
         धन की चाहत खूब है,कर दें वर का दान।
      कर दें वर का दान , न  हो कन्या का अर्पण
         दौलत से ही प्यार, उसे दिखलायें दर्पण ।
          रखकर ऊंची सोच,रहें दृढ मन के अंदर
       कहती चन्द्रा आज ,भाव हो  अपने सुन्दर ।

5         गर्मी से बेहाल सब ,धूल फांकते गाँव
     छिपकर बैठा है पवन,मिले न शीतल छाँव।
      मिले न शीतल छाँव,पेड़ की बहुत कमी है
     व्याकुल हैं सब जीव, कहीं न कोई नमी है।
      बढ़ा सूर्य का कोप,तनिक भी नहीं है नर्मी
           बचना है दुश्वार, ज़ुल्मी बहुत ये गर्मी ।

 6        मिले नेह जिनसे हमे,देते उनको मान
    खिले कली मन की तभी,जीवन हो आसान ।
     जीवन हो आसान, सभी को खुशियां मिलती
       जीवन बनता धन्य,दुआ भी उनकी फलती ।
      हरना सबकी पीर,  सुखमय जीवन मन खिले
         इसको रखना याद, दीन को  नेह तो मिले ।

1 comment:

  1. नारी गुणों का है भण्डार
    नारी से है घर-परिवार
    नारी ईश्वर का चमत्कार
    नारी से बच्चों में संस्कार

    दो-दो घरों को रोशन करती
    नारी करती दूर अन्धकार
    नारी लक्ष्मी, नारी दुर्गा
    नारी शक्ति का अवतार

    Talented India News App

    ReplyDelete